पटना , सितंबर 18 -- र्षों से बकाया राशि और उस पर चढ़ते ब्याज के बोझ से परेशान ईंट भट्ठा कारोबारियों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। सरकार ने वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) के तहत बकाया राशि के निपटारे का रास्ता साफ कर दिया है। इसके तहत करीब छह हजार ईंट भट्ठा संचालकों को बकाया की मूल राशि एकमुश्त जमा करनी होगी, जबकि वर्षों से देय ब्याज को माफ कर दिया जाएगा। इस प्रक्रिया से विभाग को करीब 289 करोड़ 38 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।
खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मलेन में बताया कि ईंट भट्ठा कारोबारियों के प्रतिनिधियों के साथ बकाया राशि के समाधान को लेकर कई दौर की बैठकें हुई थीं। उन्होंने कहा कि कारोबारियों की ओर से लंबे समय से एकमुश्त भुगतान की व्यवस्था करने की मांग की जा रही थी। मामले को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाए जाने के बाद हाल में हुई कैबिनेट बैठक में ओटीएस के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके तहत संबंधित कारोबारियों को 21 सितंबर से 20 दिसंबर तक की निर्धारित अवधि में मूल बकाया राशि एकमुश्त सरकार के कोष में जमा करनी होगी।
मंत्री डॉ. कुमार ने बताया कि निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने वाले ईंट भट्ठा संचालकों को पूर्व व्यवस्था के तहत बकाया राशि ब्याज सहित जमा करनी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य वर्षों से लंबित राजस्व की वसूली के साथ कारोबारियों को ब्याज के अतिरिक्त वित्तीय बोझ से राहत देना है। इससे ईंट भट्ठा कारोबार से जुड़े लोगों को पुराने बकाये के कारण होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित