मुंबई , अगस्त 12 -- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोज और क्विक टीवी ने ऐतिहासिक माइक्रो-ड्रामा सीरीज '1919: ए लव स्टोरी' पेश की है।शेयरचैट इकोसिस्टम का हिस्सा ये दोनों प्लेटफॉर्म आजादी, साहस और बलिदान की भावना को केंद्र में रखते हुए स्वतंत्रता संग्राम के दौर के उन गुमनाम नायकों की कहानी सामने ला रहे हैं, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ आवाज उठाने का साहस किया।

वर्टिकल स्क्रीन के लिये तैयार की गयी '1919: ए लव स्टोरी' दर्शकों को भारत के स्वतंत्रता संग्राम के उथल-पुथल भरे दौर में ले जाती है, जहां प्यार, दृढ़ता और साहस औपनिवेशिक अत्याचार के खिलाफ प्रतिरोध का माध्यम बनते हैं।

स्वतंत्रता-पूर्व भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित यह कहानी हरि नाम के एक साधारण किसान के इर्द-गिर्द घूमती है। उसकी शांत जिंदगी उस समय बदल जाती है, जब ब्रिटिश हुकूमत भारतीय किसानों पर नील और अफीम की खेती करने के लिये दबाव डालती है और विरोध की आवाज को बेरहमी से दबाती है।

हरि अन्याय के सामने झुकने से इनकार करता है और जनरल डायर तथा उसके समर्थकों के खिलाफ खड़ा होता है। वह अपने लोगों की रक्षा करने और उनका सम्मान वापस दिलाने के लिये एक निडर मिशन पर निकलता है। इस संघर्ष में तीन साहसी महिलाएं उसका साथ देती हैं, जिन्होंने ब्रिटिश अत्याचारों का सामना किया है, लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा।

हरि और ये महिलाएं मिलकर यह संदेश देती हैं कि भारत की आजादी की लड़ाई केवल इतिहास में दर्ज बड़े नेताओं तक सीमित नहीं थी, बल्कि अनगिनत गुमनाम लोगों ने भी अपने साहस और बलिदान से स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूती दी।

सीरीज में अरहम अब्बासी हरि और रक्षित पंत नागेश की भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ रुचि कौशल, मीनाक्षी कश्यप और डॉली कौशिक भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

अरहम अब्बासी ने टेलीविजन से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। वह 'एमटीवी वेब्ड', 'इट्स कॉम्प्लिकेटेड', 'ये है मोहब्बतें', 'बावरे' और 'सुहानी सी एक लड़की' जैसे धारावाहिकों में नजर आ चुके हैं। वर्ष 2017 में उन्होंने परेश विनोदरे सावनी के निर्देशन में बनी फिल्म 'गेम ओवर' से फीचर फिल्म में पदार्पण किया था।

जनरल डायर के आतंक के दौर की पृष्ठभूमि में बनी यह सीरीज भारतीय किसानों की दृढ़ता, स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं की भूमिका और उस सामूहिक भावना को सामने लाती है, जिसने आम लोगों को अन्याय के खिलाफ एकजुट किया।

'1919: ए लव स्टोरी' केवल एक ऐतिहासिक ड्रामा नहीं, बल्कि उन आम लोगों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में अपने साहस और बलिदान से असाधारण भूमिका निभायी। सीरीज यह भी याद दिलाती है कि भारत की स्वतंत्रता अनगिनत संघर्ष, साहस और बलिदान की कहानियों की नींव पर खड़ी है।

'1919: ए लव स्टोरी' इस स्वतंत्रता दिवस पर विशेष रूप से मोज प्लस और क्विक टीवी पर स्ट्रीम होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित