काबुल , जनवरी 20 -- इस्लामिक स्टेट(आईएस) समूह ने यहां एक रेस्तरां पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है, जिसमें एक चीनी नागरिक सहित कम से कम आठ लोगों की जान गयी थी।

काबुल में अधिकारियों ने कहा कि वे अभी भी घटना की जांच कर रहे हैं।

समूह ने सोमवार देर रात अपनी अमाक न्यूज़ एजेंसी पर पोस्ट में कहा कि एक आत्मघाती हमलावर एक रेस्तरां में घुसा और विस्फोटक जैकेट में विस्फोट कर दिया। एजेंसी ने दावा किया कि हमले में 25 लोग मारे गये या घायल हुए, जिनमें तालिबान गार्ड भी शामिल थे। इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी।

अफगान अधिकारियों ने अभी तक विस्फोट के कारण की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।

आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता मुफ्ती अब्दुल मतीन कानी ने मंगलवार को कहा कि वे अभी भी विस्फोट की जांच कर रहे हैं।

शहर पुलिस प्रवक्ता खालिद जादरान ने कहा कि काबुल में चाइना लान्झोउ बीफ नूडल रेस्तरां में हुए विस्फोट में एक चीनी नागरिक सहित सात लोग मारे गए हैं और 10 अन्य घायल हुए हैं।

श्री जादरान ने एक्स पर लिखा, "विस्फोट में एक चीनी नागरिक और छह अफगान मारे गये। कई अन्य घायल हो गये। विस्फोट रसोई के पास हुआ। विस्फोट की प्रकृति अभी तक ज्ञात नहीं है। जांच जारी है।"उन्होंने आगे कहा कि चीनी नागरिक अब्दुल मजीद एक मुस्लिम था और चीन के शिनजियांग प्रांत का मूल निवासी था। रेस्तरां चीनी मुसलमानों के लिए खाना बनाता और बेचता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित