चेन्नई , अप्रैल 04 -- भारत में पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इस बीच, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) ने चालक दल की सुरक्षा एवं प्रदर्शन को सभी मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशनों के सबसे महत्वपूर्ण तत्व मानते हुए मिशन मित्रा (मैपिंग ऑफ इंटरऑपरेबल ट्रेड्स एंड रिस्पांस असेसमेंट) शुरू किया है।

यह अपनी तरह का पहला टीम के व्यवहार का अध्ययन है, जिसका उद्देश्य ऊंचाई वाले वातावरण में काम करने वाले चालक दल और जमीनी टीमों की शारीरिक, मनोवैज्ञानिक एवं परिचालन संबंधी गतिशीलता का अध्ययन करना है।

मित्रा भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान संचालन क्षमताओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है जो कि चालक दल के प्रदर्शन एवं मानवीय कारकों पर उत्पन्न वैज्ञानिक डेटा गगनयान कार्यक्रम और भविष्य के दीर्घकालिक मिशनों में प्रत्यक्ष योगदान देगा।

यह मिशन दो से नौ अप्रैल, 2026 तक केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह में चलाया जा रहा है। लेह की लगभग 3,500 मीटर की उच्च ऊंचाई पर हाइपोक्सिया, कम तापमान और अलगाव जैसी पर्यावरणीय परिस्थितियां मौजूद हैं जो अंतरिक्ष उड़ान संचालन के लिए एक प्राकृतिक प्रतिरूप के रूप में कार्य करती हैं।

शनिवार को जारी एक अपडेट में, इसरो ने कहा कि सभी मानव अंतरिक्ष उड़ान अभियानों में चालक दल की सुरक्षा एवं प्रदर्शन सबसे महत्वपूर्ण तत्व हैं। चालक दल का प्रभावी संवाद करने, तनाव का सामना करने, मानसिक लचीलापन बनाए रखने और एक-दूसरे का सहयोग करने की क्षमता किसी भी मिशन की सफलता एवं सुरक्षा निर्धारित करती है।

अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि नियंत्रित लेकिन यथार्थवादी परिस्थितियों में संचालित एनालॉग मिशनों का उपयोग यह समझने के लिए किया जाता है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चालक दल कैसा प्रदर्शन करते हैं।

इस दिशा में, इसरो ने लेह में मिशन मित्रा शुरू किया है, जो इसरो और वायु सेना-इंस्टीट्यूट ऑफ एयरोस्पेस मेडिसिन (आईएएम) द्वारा डिजाइन किया गया अपनी तरह का पहला टीम व्यवहार अध्ययन है, जिसका उद्देश्य उच्च ऊंचाई वाले वातावरण में काम करने वाले चालक दल और जमीनी टीमों की शारीरिक, मनोवैज्ञानिक और परिचालन गतिशीलता का अध्ययन करना है। इस अध्ययन का उद्देश्य गगन यात्रियों एवं जमीनी नियंत्रण टीमों के बीच अंतर-संचालनीयता और पर्यावरणीय एवं परिचालन तनाव के बीच निर्णय लेने की प्रभावशीलता के बारे में महत्वपूर्ण समझ उत्पन्न करना है।

बेंगलुरु स्थित भारतीय स्टार्टअप कंपनी मेसर्स प्रोटोप्लेनेट प्राइवेट लिमिटेड इसके प्रबंधन एवं वैधानिक प्रोटोकॉल के लिए जिम्मेदार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित