नयी दिल्ली/ चेन्नई , अप्रैल 10 -- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (एआईएमए) ने "सार्वजनिक सेवा उत्कृष्टता के लिए एआईएमए विशेष पुरस्कार 2025" से सम्मानित किया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित एआईएमए प्लैटिनम जुबली (70वें) नेशनल लीडरशिप कॉन्क्लेव के दौरान प्रदान किया गया।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसरो को यह पुरस्कार प्रदान किया। इसरो के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन की ओर से ह्यूमन स्पेस फ्लाइट सेंटर के निदेशक दिनेश कुमार सिंह ने इस सम्मान को ग्रहण किया।

एआईएमए ने राष्ट्रीय विकास के समर्थन में अंतरिक्ष-आधारित प्रणालियों और अनुप्रयोगों को स्थापित व संचालित करने में इसरो के निरंतर प्रयासों की सराहना की। इसरो के कार्यक्रमों ने कृषि, वानिकी, संचार, टेली-शिक्षा और टेलीमेडिसिन सहित प्रमुख क्षेत्रों में सेवाएं सुलभ बनाई हैं। अंतरिक्ष एजेंसी के क्षेत्रीय नेविगेशन (नाविक) और आपदा प्रबंधन तंत्र में दिए गए योगदान को भी इस अवसर पर विशेष रूप से सराहा गया।

यह पुरस्कार लॉन्च वाहन और उपग्रह प्रौद्योगिकियों को उद्योग जगत को हस्तांतरित करने और शैक्षणिक संस्थानों को तकनीकी विशेषज्ञता प्रदान करने के माध्यम से राष्ट्रीय अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में इसरो की भूमिका को भी मान्यता देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित