चंडीगढ़ , अगस्त 12 -- हरियाणा के इसराना विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। इसके सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

तिरंगा यात्रा मडलौडा अनाज मंडी से शुरू होकर मार्केट, मडलौडा बस स्टैंड और असंध रोड से होते हुए भालसी गांव पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा में युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

पंवार ने कहा कि तिरंगा हमें उन वीर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी और रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। हरियाणा की धरती वीरता और राष्ट्रभक्ति के लिए जानी जाती है। सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शहीद सैन्य एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के 423 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है। युद्ध या आईईडी ब्लास्ट में शहीद जवानों की अनुग्रह राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये की गई है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से तिरंगे को केवल हाथों में ही नहीं, बल्कि विचारों और व्यवहार में भी स्थान देने तथा देश की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि तिरंगा यात्रा में लोगों का उत्साह राष्ट्रभक्ति की मजबूत भावना को दर्शाता है। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने के लिए क्षेत्रवासियों का आभार जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित