रांची , मई 03 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने नन्हे तैराक इशांक कुमार को कम उम्र में तैराकी के क्षेत्र में विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर आज सम्मानित किया।

इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष सह पूर्व मेयर रमा खलखो, मीडिया विभाग के अध्यक्ष सतीश पौल मुंजनी सूर्यकांत शुक्ला, हटिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल उपाध्याय, सोशल मीडिया के संजय कुमार तथा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने इशांक को पुष्पगुच्छ एवं सम्मान प्रतीक भेंट कर उनकी अभूतपूर्व उपलब्धि की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर श्री महतो ने कहा कि इतनी कम उम्र में इशांक की यह ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और देश के लिए गर्व का विषय है। विश्वास जताया कि इशांक भविष्य में भी इसी तरह अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे।

श्री महतो ने यह भी कहा कि इशांक जैसे प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहन और उचित मंच देने की आवश्यकता है, ताकि वे अपने कौशल को और निखार सकें और देश के लिए नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें।

झारखंड के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है, जिसने पूरे प्रवेश में उत्साह और खुशी का माहौल बना दिया है। इशांक की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित