प्रयागराज , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के कर्नलगंज क्षेत्र में गुरुवार देर की रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र की मौत हो गई। हादसे में स्कूटी पर उसके साथ मौजूद छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना मनमोहन पार्क चौराहे के पास हुई। टक्कर के बाद कार चालक मौके से भाग निकला। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

मृतक छात्र अनीश कुमार (20) कौशांबी के चरवा कस्बे का रहने वाला था और विश्वविद्यालय के एक हॉस्टल में रहता था। उसके साथ मौजूद भाव्या वाराणसी की रहने वाली है और विश्वविद्यालय की छात्रा है। गुरुवार रात दोनों स्कूटी से जा रहे थे। मनमोहन पार्क चौराहे के पास कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।पुलिस को अनीश के पास से परिचय पत्र और आधार कार्ड मिला। इनके आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। देर रात परिवार के लोग कौशांबी से स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचे।

कर्नलगंज थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी वीरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में कार की टक्कर से हादसा होने की जानकारी मिली। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित