जालौन , सितंबर 24 -- इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर जालौन जिले में 22 सितंबर से आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके अनुपालन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशों और आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी राजनीतिक दल और अभ्यर्थी निर्धारित आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। किसी मतदाता को प्रलोभन देना, भय अथवा दबाव में प्रभावित करना तथा निर्वाचन की निष्पक्षता को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से निर्वाचन की गरिमा बनाए रखते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रचार-प्रसार एवं अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियां संचालित करने की अपील की। प्रतिनिधियों को आचार संहिता के अनुपालन संबंधी निर्देशों की प्रति भी उपलब्ध कराई गई।

बैठक में निर्वाचन के लिए प्रस्तावित 33 मतदेय स्थलों की सूची पर भी चर्चा हुई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बताया कि सभी प्रस्तावित मतदेय स्थल शासकीय भवनों में हैं और वहां आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। किसी दल की ओर से कोई आपत्ति या सुझाव नहीं दिया गया और सभी ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर सहमति जताई।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान एडीएम राजीव राज, एडीएम न्यायिक शत्रुहन पाठक समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित