बैतूल , अक्टूबर 16 -- बैतूल जिले की चिचोली तहसील के ग्राम कासमार निवासी 68 वर्षीय किसान कुंदन यादव ने इलाज के बहाने धोखे से जमीन की रजिस्ट्री कराने और खेत से मक्का की फसल कटवाकर ले जाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे किसान ने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी।

किसान के अनुसार, ग्राम बरजोरपुर निवासी रेखा यादव तीन जून को उन्हें इलाज कराने के नाम पर बैतूल लेकर आई थीं। उनका आरोप है कि अशिक्षा का फायदा उठाकर बिना भुगतान किए दस्तावेजों पर अंगूठे के निशान ले लिए गए और जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई।

कुंदन यादव ने स्थानीय थाना पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मक्का की फसल तैयार होने पर उन्हें थाने में बैठा लिया गया और उनकी अनुपस्थिति में फसल कटवाकर कथित तौर पर दूसरे पक्ष के घर पहुंचा दी गई।

बुजुर्ग किसान ने पुलिस अधीक्षक से जमीन की कथित धोखाधड़ी के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने, मक्का की फसल वापस दिलाने और मामले में संलिप्तता के आरोपों की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित