मुरैना , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला अस्पताल में एक युवक की इलाज के दौरान मृत्यु होने के बाद उसके परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल और बाद में कलेक्टर बंगले पर हंगामा किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार ग्राम हड़वांसी निवासी 36 वर्षीय बंटी शाक्य की रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने समय पर उचित उपचार नहीं किया और इलाज में लापरवाही बरती, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। इसको लेकर परिजनों ने पहले जिला अस्पताल में चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर परिजन कलेक्टर बंगले पहुंच गए और वहां भी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस और मुरैना के अनुविभागीय दंडाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित