मुरैना , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि इफको के सहयोग से मुरैना जिले में 15, 16 और 17 मार्च को विशाल नेत्र शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसका अधिक से अधिक लोग लाभ उठाकर अपनी आंखों की जांच कराएं और नई रोशनी प्राप्त करें।
श्री तोमर ने शुक्रवार को पुलिस परेड ग्राउंड मुरैना में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आंखों की रोशनी जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि जब किसान स्वस्थ रहेंगे और उनकी दृष्टि ठीक होगी, तभी वे खेतों में पूरी ऊर्जा और क्षमता के साथ कार्य कर सकेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इफको नई दिल्ली के अध्यक्ष दिलीप संघाणी ने कहा कि खेती के उत्पादन में वृद्धि समय की आवश्यकता है और इसके लिए किसानों का स्वस्थ रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और इफको के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय नेत्र शिविर में जरूरतमंद लोगों की आंखों की जांच की जाएगी और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने बताया कि 14 मार्च को सिविल अस्पताल अंबाह, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पोरसा, आसमानी माता मंदिर ग्राम ओरेठी पोरसा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र किर्रायच, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुमावली और जिला चिकित्सालय मुरैना में सुबह 9 बजे से शाम 4.30 बजे तक जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 15 मार्च को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जौंहा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दिमनी, सिविल अस्पताल खड़ियाहार, सिविल अस्पताल बानमौर और जिला चिकित्सालय मुरैना में इसी समय जांच शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 16 मार्च को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सबलगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कैलारस, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहाड़गढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रिठौराकलां और जिला चिकित्सालय मुरैना में जांच की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जांच के बाद जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उन्हें जिला चिकित्सालय मुरैना में लाकर 15, 16 और 17 मार्च को निःशुल्क ऑपरेशन किए जाएंगे। इस दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का भी निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।
श्री तोमर ने किसानों को खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए नैनो उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी और अंधाधुंध रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग से बचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम किसानों के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इफको के अध्यक्ष दिलीप संघाणी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया मंत्र सहकार से समृद्धि देश में सहकारी आंदोलन को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने बताया कि सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद बीज, ऑर्गेनिक और निर्यात के लिए नई सहकारी समितियों का गठन किया गया है, जिससे किसानों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत से नैनो यूरिया का निर्यात विश्व के लगभग 40 देशों में किया जा रहा है, जो देश के लिए गर्व की बात है। इफको द्वारा विकसित नैनो उर्वरक किसानों को नई शक्ति दे रहे हैं और कृषि को अधिक उत्पादक, किफायती तथा पर्यावरण के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों की उन्नति के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इफको के मार्केटिंग डायरेक्टर तथा भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. योगेंद्र कुमार ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और इफको किसानों को उन्नत बीज, खाद और कृषि तकनीक उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मृदा में घटते जैविक तत्वों पर चिंता व्यक्त करते हुए किसानों को नैनो यूरिया प्लस, नैनो डीएपी, नैनो जिंक, नैनो कॉपर, सागरिका तथा जैव उर्वरकों के अधिक उपयोग की सलाह दी।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर, सबलगढ़ विधायक श्रीमती सरला रावत, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ, जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव, इफको के वरिष्ठ महाप्रबंधक संजय कुलश्रेष्ठ, अरुण तोमर, पूर्व मंत्री मुंशीलाल, पूर्व विधायक राकेश मावई सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित