कोच्चि , जुलाई 15 -- केरल सरकार ने राज्य के 100-दिवसीय कार्यक्रम के तहत इन्फोपार्क कोच्चि फेज़-दो के गैर-एसईजेड क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 'पोलारिस' आईटी टावर के लिए कैस्पियन टेकपार्क्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को 1.31 एकड़ भूमि का पट्टा सौंप दिया।
तिरुवनंतपुरम में आयोजित समारोह में उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पी.के. कुन्हालिकुट्टी, कुन्नाथुनाड विधायक वी.पी. सजीन्द्रन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के विशेष सचिव सीरम सांबशिवा राव की उपस्थिति में पट्टा समझौता सौंपा गया।
इस अवसर पर श्री कुन्हालिकुट्टी ने कहा कि राज्य सरकार केरल को देश का अग्रणी सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 'पोलारिस' परियोजना इस लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और सरकार इसके समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए पूरा सहयोग देगी।
समझौते पर इन्फोपार्क के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशांत कुरुंथिल और कैस्पियन टेकपार्क्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक थॉमस चाको ने हस्ताक्षर किये। 17 मंजिला 'पोलारिस' टावर 1.31 एकड़ भूमि पर 2.19 लाख वर्ग फुट निर्मित क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। तीन वर्ष में पूरी होने वाली इस परियोजना से 1,500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित