बीजापुर , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में स्थित भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इन्द्रावती नदी पार स्थित ग्राम मर्रामेटा में सोमवार को "मनवा पुलिस-मनवा नाटे" अभियान के तहत सिविक एक्शन कार्यक्रम एवं चलित थाना का आयोजन किया गया।

खुले मैदान में पेड़ों की छांव के नीचे आयोजित इस जनसंवाद कार्यक्रम में गोंडमेंटा, मर्रामेटा, पदमेटा, धरमा, घोटपाल और बैइल सहित कई गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अमन कुमार झा, उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) नवीन एक्का तथा थाना प्रभारी एकेश्वर नाग सहित पुलिस अधिकारी तथा अन्य जवान मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। साथ ही युवाओं को खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया तथा बच्चों को नियमित रूप से स्कूल और आंगनबाड़ी भेजने की अपील की गई।

कार्यक्रम में कहा गया कि लंबे समय तक माओवादी हिंसा से प्रभावित इस क्षेत्र में अब विकास कार्यों में तेजी आई है। सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति, सामाजिक सौहार्द और विकास की प्रक्रिया में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार के बहकावे में न आने की अपील की।

सिविक एक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण युवाओं को क्रिकेट, वॉलीबॉल और बैडमिंटन की खेल सामग्री एवं ड्रेस वितरित की गई। महिलाओं को साड़ी, बुजुर्गों को चप्पल तथा बच्चों को आवश्यक उपयोगी सामग्री प्रदान की गई। इसके साथ ही ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए क्षेत्र में शांति एवं विकास बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित