भिवानी , अगस्त 19 -- हरियाणा के भगवान परशुराम धर्मशाला में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की जिला स्तरीय बैठक बुधवार को आयोजित की गयी।

बैठक की अध्यक्षता इनेलो जिलाध्यक्ष अशोक ढाणीमाहू ने की, जिसमें पूर्व उपप्रधानमंत्री जननायक दिवंगत देवीलाल की 113वीं जयंती के उपलक्ष्य में 27 सितंबर को नूंह में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करना और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा।

बैठक में आगामी कार्यकर्ता बैठकों की रूपरेखा तय की गयी। पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार 29 अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजे बवानीखेड़ा हल्का कार्यकर्ताओं की बैठक बवानीखेड़ा में, दोपहर एकबजे तोशाम हल्का कार्यकर्ताओं की बैठक तोशाम पंचायत घर में तथा शाम चार बजे लोहारू हल्का कार्यकर्ताओं की बैठक लोहारू में आयोजित की जाएगी। इसके बाद 30 अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजे भिवानी हल्का कार्यकर्ताओं की बैठक भगवान परशुराम धर्मशाला में होगी। इन बैठकों को इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा तथा इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा संबोधित करेंगे।

जिलाध्यक्ष अशोक ढाणीमाहु ने कहा कि 27 सितंबर को नूंह में होने वाले जननायक चौ. देवीलालके 113वें जयंती समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं के मिल रहे समर्थन से इस बार का जयंती समारोह ऐतिहासिक और विशाल रैली का रूप लेगा। उन्होंने बताया कि अभय चौटाला और रामपाल माजरा लगातार विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें कर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं।

बैठक में डॉ. वासुदेव शर्मा ने सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के हालिया बयान पर आपत्ति जतायी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की बयानबाजी हरियाणा के सामाजिक ताने-बाने और आपसी भाईचारे को प्रभावित करने वाली है। उन्होंने कहा कि इनेलो हरियाणवी संस्कृति और भाईचारे को प्रभावित करने वाली किसी भी सोच का कड़े शब्दों में विरोध करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित