आजमगढ़ , फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में गोतस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानी की सराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीती रात हुई एक साहसिक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर और शातिर गोतस्कर नसीम उर्फ लम्बू को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।

अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने आज बताया कि बीती रात रानी की सराय थाना पुलिस बड़ैला ताल पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शातिर पशु तस्कर बिना नंबर की बाइक से सोनवारा की ओर से आ रहे हैं। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। जब बाइक सवार तीन संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। हड़बड़ाहट में उनकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधा फायर झोंक दिया।

पुलिस ने खुद को बचाते हुए आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस गोलीबारी में मुख्य आरोपी नसीम उर्फ लम्बू घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

पुलिस ने मौके से एक अवैध देशी तमंचा और कारतूस,बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, बरामद की है ।

पूछताछ में सामने आया कि नसीम एक पेशेवर अपराधी है। उस पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं।

मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दो साथी, भुटेली और वसीम, सरसों के खेतों के रास्ते भाग निकले। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित