नई दिल्ली , नवम्बर 02 -- भारतीय विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी इनबासेकर सुंदरमूर्ति को सेनेगल में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है।
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि विदेश सेवा के 2004 बैच के अधिकारी श्री सुंदरमूर्ति को सेनेगन में भारत का राजदूत बनाया गया है।
श्री सुंदरमूर्ति फिलहाल बार्सिलोना स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में महावाणिज्य दूत के पद पर कार्यरत हैं और उनके जल्द ही सेनेगल में अपना नया कार्यभार संभालने की उम्मीद है।
भारत ने सेनेगल को विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए ऋण दे रखा है। इसमें कृषि एवं सिंचाई (चावल आत्मनिर्भरता कार्यक्रम के लिए ट्रैक्टर और उपकरण), ग्रामीण विद्युतीकरण, मत्स्य पालन विकास, सार्वजनिक परिवहन और स्वास्थ्य देखभाल का आधुनिकीकरण शामिल हैं।
दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश में लगातार वृद्धि हो रही है। भारत की ओर से सेनेगल को विभिन्न उत्पादों का निर्यात किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित