बेंगलुरु , नवंबर 08 -- कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने राज्य की कांग्रेस सरकार को पेट्रोल की गुणवत्ता और इथेनॉल मिश्रण की संयुक्त रूप से दोबारा जांच कराने की चुनौती दी है।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा अपनाए गए परीक्षण मानकों पर सवाल उठाए और मांग की कि जांच की कार्यप्रणाली और नतीजों को सार्वजनिक किया जाए।
श्री विजयेंद्र ने इथेनॉल-मिलावट विवाद को पारदर्शिता और वैज्ञानिक विश्वसनीयता के मुद्दे में बदलते हुए कहा कि तेल विपणन कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने राज्य के परीक्षण मानकों पर सवाल उठाए हैं और वे नये सिरे से जांच करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि इन कंपनियों ने जानकारी दी है कि देशभर में लगभग 700 से 800 जगहों पर की गई जांच में ऐसी कोई समस्या नहीं मिली, जिसका दावा कर्नाटक सरकार कर रही है।
उन्होंने कहा, "राज्य सरकार को इस दोबारा जांच में सहयोग करना चाहिए। एक संयुक्त जांच कराई जाए और सच्चाई लोगों के सामने लाई जाए।" उन्होंने राज्य सरकार से यह भी पूछा कि उसने अपनी जांच में किन पैमानों और कार्यप्रणाली का इस्तेमाल किया है।
श्री विजयेंद्र ने इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के स्पष्टीकरण का भी जिक्र किया और कहा कि इस विवाद को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की बजाय पारदर्शी और संयुक्त वैज्ञानिक जांच के जरिए सुलझाया जाना चाहिए।
यह विवाद कर्नाटक सरकार के उन आरोपों के बाद शुरू हुआ, जिसमें कहा गया था कि कई जिलों से लिए गए पेट्रोल के नमूनों में इथेनॉल की मात्रा तय सीमा (20 प्रतिशत मिलावट) से अधिक पाई गई है। कुछ नमूनों में तो यह मात्रा 31 प्रतिशत तक बताई गई है।
राज्य सरकार ने चिंता जताई थी कि इथेनॉल की इतनी अधिक मात्रा होने से वाहनों के प्रदर्शन, माइलेज और इंजन के पुर्जों पर बुरा असर पड़ सकता है।
तेल विपणन कंपनियों ने हालांकि राज्य सरकार के इन नतीजों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उनकी ओर से आपूर्ति किया जाने वाला ईंधन तय मानकों के अनुरूप है और उनकी जांच में इथेनॉल की मात्रा अधिक होने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
श्री विजयेंद्र ने कहा कि सरकार को बिना यह सुनिश्चित किए आरोप नहीं लगाने चाहिए कि परीक्षण प्रक्रिया तकनीकी रूप से सही है और स्वतंत्र रूप से सत्यापित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि एक संयुक्त जांच से सच्चाई सामने आएगी और उपभोक्ताओं को भी स्पष्टता मिलेगी।
भाजपा नेता ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह दूध, दही, घी और बस के किराए में बार-बार बढ़ोतरी करके लोगों पर बोझ डाल रही है। उन्होंने 11 नवंबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में भाजपा की ओर से एक दिवसीय विरोध-प्रदर्शन करने की भी घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित