नरसिंहपुर , मई 5 -- मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में मुंगवानी थाना क्षेत्र के बचई गांव स्थित महाकौशल शुगर मिल परिसर में बने इथेनॉल प्लांट में सोमवार रात एक टैंक गिरने से दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब प्लांट में कार्यरत मजदूर टैंक के पास काम कर रहे थे। अचानक टैंक गिरने से दोनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतकों की पहचान सिलवानी गांव निवासी पवन ठाकुर और खापा पट्टी गांव निवासी जगदीश यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित