इटावा , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश के इटावा सफारी पार्क के ब्रीडिंग सेंटर में शुक्रवार को शेरनियों के बीच हुई एक अप्रत्याशित घटना ने वन्यजीव अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। एक बाड़े में मौजूद शेरनी नीरजा ने बगल के सेल में रह रही शेरनी राधिका की पूंछ का हिस्सा काट लिया, जिससे राधिका घायल हो गई।

इटावा सफारी पार्क के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि घटना ब्रीडिंग सेंटर के नाइट सेल में हुई। शेरनी राधिका अपने बाड़े में आराम कर रही थी। इस दौरान उसकी पूंछ दीवार अथवा जाली के सहारे बगल के सेल में चली गई, जहां शेरनी नीरजा मौजूद थी। उन्होंने बताया कि अपने क्षेत्र में दूसरी शेरनी की पूंछ देखकर नीरजा आक्रामक हो गई और उसने अचानक हमला करते हुए अपने मजबूत जबड़ों से राधिका की पूंछ का एक हिस्सा काट लिया।

घटना के बाद सफारी प्रशासन में हड़कंप मच गया। वन्यजीव चिकित्सकों ने तत्काल राधिका का उपचार शुरू किया। बेहतर चिकित्सीय देखभाल के लिए मथुरा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से वन्यजीव विशेषज्ञों की एक टीम को भी इटावा बुलाया गया है।

डॉ. पटेल ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम घायल शेरनी की स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रख रही है और उसके उपचार के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से जवाब-तलब किया गया है तथा ब्रीडिंग सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

सफारी प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को वन्यजीवों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। देश में एशियाई शेरों के प्रमुख संरक्षण केंद्रों में शामिल इटावा सफारी पार्क में हुई इस घटना ने वन्यजीवों के व्यवहार और बाड़ों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सिरे से चर्चा शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित