फिरोजाबाद , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार को इटावा पुलिस, एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में इटावा के चर्चित लूटकांड के दो इनामी बदमाश मारे गए। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इटावा में तीन मई को एक चिकित्सक के साथ हुई लूट की घटना में वांछित बदमाश सुमित और अंकित के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर इटावा पुलिस, एसओजी तथा शिकोहाबाद पुलिस की संयुक्त टीम स्टेशन पहुंची, जहां उस समय झारखंड जाने वाली संबलपुर एक्सप्रेस खड़ी थी।

एडीजी आगरा एस.के. भगत ने बताया कि पुलिस टीम को देखते ही दोनों बदमाश ट्रेन में चढ़ गए और बचने के प्रयास में एक बालक को पकड़कर पुलिस पर गोली न चलाने का दबाव बनाया। इसके बाद दोनों ट्रेन से उतरकर एक राहगीर की मोटरसाइकिल छीनकर खेतों की ओर भाग निकले और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही फिरोजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश मारे गए। मुठभेड़ के दौरान पुलिसकर्मी पुष्पेंद्र और डेविड गोली लगने से घायल हो गए। पुष्पेंद्र के पेट में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बताई गई है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर से आगरा रेफर कर दिया गया।

एडीजी ने बताया कि मारे गए दोनों आरोपी इटावा के चिकित्सक लूटकांड में वांछित थे। इनमें सुमित हिस्ट्रीशीटर अपराधी था तथा दोनों पर इनाम घोषित था। उनके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ की सूचना पर डीआईजी कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश श्रीवास्तव भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों बदमाशों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित