इटावा , सितम्बर 15 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले की लवेदी पुलिस ने चंद्रपुर नहर पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान कार सवार अपराधी गोपाल तिवारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 60 कारतूस और एक तलवार बरामद की है।

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि लवेदी थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस दल के साथ चंद्रपुरा नहर पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नीली बलेनो कार को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। चेकिंग के दौरान कार से 315 बोर के 50 और 12 बोर के 10 कारतूस के अलावा एक तलवार भी बरामद की गई है। इस सिलसिले में पुलिस ने कार सवार गोपाल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि गोपाल तिवारी का एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया है जिसकी सरगर्मी से पुलिस तलाश करने में जुटी हुई है। पुलिस ने गोपाल तिवारी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के अलावा मोटर व्हीकल एक्ट का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के बारे में पता चला है कि वह मध्य प्रदेश में खनन सिंडिकेट का काम करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित