इटावा , अक्टूबर 08 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के इकदिल इलाके के पक्काबाग के पास 500 रुपए की रंगदारी न देने पर कार सवार अपराधियों ने फायरिंग करके दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया है । दोनों घायलों को स्थानीय पुलिस ने उपचार के लिए मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है ।

पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह ने आज शाम बताया कि कार सवार बदमाशों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है । फायरिंग की इस घटना में दो लोग गोली लगने से घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ितों के अनुसार 500 रुपये की रंगदारी ना देने के विरोध में कार सवार अपराधियों ने फायरिंग की है। संभावित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों को सक्रिय किया गया है।

घटना में यशोदा नंदन शुक्ला और पास में खड़े इकदिल निवासी अरविंद राजपूत घायल हुए हैं। यशोदा के भाई चंदन शुक्ला ने बताया कि यशोदा चैक जमा करने के लिए बैंक गया था। इसके बाद वह पक्का बाग में सुमन विद्या पीठ के सामने अरविंद राजपूत और वासु चौधरी के साथ खड़ा था। तभी नेक्सॉन कार से करन उर्फ लालू तोमर निवासी जयभारत कालोनी वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने 500 रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर पिस्टल से फायर कर दिए।

पीड़ित का कहना है कि आरोपी से पहले से जान-पहचान है, लेकिन किसी तरह की पुरानी रंजिश नहीं है। फायरिंग की वजह और आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित