इटावा , सितंबर 24 -- उत्तर प्रदेश इटावा में डीएम ऑफिस के पास कानपुर से आई एंटी करप्शन टीम ने जिला पूर्ति कार्यालय छापेमारी करके 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते पूर्ति निरीक्षक समेत तीन लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह कार्रवाई निरीक्षक श्रीमती अर्चना शुक्ला के निर्देशन में की गई। कार्रवाई के बाद जिला पूर्ति कार्यालय में हड़कंप मच गया।
शिकायतकर्ता ओम शरण की शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे टीम जिला पूर्ति कार्यालय पहुंची और 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए तीन लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में बसरेहर के पूर्ति निरीक्षक योगेश वर्मा, पीओएस मशीन से संबंधित निजी कर्मचारी पुष्पेंद्र कुमार और धर्म नारायण शामिल हैं।
कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम तीनों आरोपियों को अपने साथ सिविल लाइन थाने लेकर पहुंची। यहां मामले में कागजी कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद आरोपियों को कानपुर ले जाने की बात सामने आई है। टीम की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित