इटावा , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश के इटावा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सरिता भदौरिया के हरित पट्टी में बने आवास पर योगी आदित्यनाथ ने जाने को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तंज कसा है।

श्री यादव ने योगी के इटावा दौरे से विदा होने के बाद श्रीमती भदौरिया के आवास से जुड़ा हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करके सवाल उठाया है। उन्होंने भाजपा विधायक आवास को अवैध बताते हुए लिखा, "बिना नक्शा पास कराए हरित पट्टी में आवास का निर्माण कराया है। क्या हरित पट्टी में बने किसी के अवैधानिक घर का नक़्शा देखे बिना ही मुख्यमंत्री का उस घर जाने का कार्यक्रम बना या नक़्शा पास कराने गये हैं। बुलडोज़र साथ है या.....।"योगी इटावा में हरित पट्टी में बने भाजपा घर गये थे। श्री यादव के पोस्ट के बाद इटावा में श्रीमती भदौरिया के घर को लेकर राजनीति तेज हो गयी है।

गौरतलब है कि 2007 की माया सरकार के दौरान इटावा के इस इलाके को महायोजना के तहत हरित पट्टी घोषित किए जाने की प्रकिया शुरू की गई थी जिसके बाद इस क्षेत्र में भवन निर्माण के लिए जिला प्रशासन की ओर से नक्शा पास नहीं किया जाता है लेकिन इसके बावजूद भी भवनों का निर्माण लगातार बदस्तूर जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित