इटावा , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित टीबी अस्पताल कॉलोनी में सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर कठेरिया (55) की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी अभिलाष सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू, सिलबट्टा और मोबाइल फोन बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि श्याम सुंदर शिवम होटल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे और टीबी अस्पताल कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 14 स्थित कमरे में रहते थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि बेटी के प्रेम संबंधों की जानकारी होने पर श्याम सुंदर ने उसे डांटा था। आरोप है कि इसी से नाराज होकर बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की बेटी करीब पांच महीने पहले मोबाइल रिचार्ज कराने के दौरान बकेवर क्षेत्र के निवासी अभिलाष सिंह के संपर्क में आई थी। बाद में दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध हो गए। आरोप है कि पिता की डांट के बाद बेटी ने प्रेमी को उनकी हत्या के लिए उकसाया।

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात करीब एक बजे से सुबह छह बजे के बीच आरोपियों ने श्याम सुंदर को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर दीं। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए गए। आरोप है कि चाकू से गला काटने की कोशिश की गई और फिर सिलबट्टे से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को फ्रिज में रखने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर उसे तीन कंबलों में लपेटकर संदूक में बंद कर दिया। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। कमरा कई दिनों तक बंद रहा। 25 अक्टूबर को कमरे से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने संदूक से शव बरामद किया।

मृतक की बड़ी बेटी काजल ने अपनी छोटी बहन और उसके प्रेमी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान दोनों आरोपियों को बकेवर क्षेत्र में अभिलाष सिंह के घर से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित