इटावा , दिसंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के कोतवाली इलाके में सोमवार को एक सफाईकर्मी ने आत्मदाह का प्रयास किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अभय नारायण राय ने सोमवार को बताया कि सती मोहल्ला में अदालत के आदेश पर पुलिस बल की मौजूदगी में कब्जा दखल की कार्यवाही करायी जा रही थी। इस दौरान सफाईकर्मी शिवम (22) ने घर के अंदर जाकर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर उपस्थित पुलिस बल एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा तत्परता दिखाते हुए आग को तत्काल बुझाया गया तथा घायल को जिला अस्पताल इटावा भिजवाया गया, जहाँ से चिकित्सकों द्वारा उसे सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के लिए रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार शिवम करीब 25 प्रतिशत शरीर का अग्र भाग जला है, वर्तमान में उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
इस घटना से मकान खाली कराने पहुंचे राजस्व और पुलिस फोर्स में हड़कंप मच गया, युवक को किसी तरह बचाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे गम्भीर हालत देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
शिवम की मां सुनीता देवी और चाची ज्योति ने बताया शिवम की मां और भाई नगर पालिका में ठेके पर सफाई कर्मचारी है। आरोप लगाया कि घर के पास एक होटल है। उस होटल के मालिक ने कई साल पहले अपनी कार खड़ी करने के लिए शिवम के मकान में किराए पर जगह ली थी। जिसका किराया भी देते थे। छह साल पहले होटल मालिक ने धोखाधड़ी से मकान का बैनामा करा लिया। कोर्ट में मामला चल रहा था। सोमवार दोपहर आरोपी होटल मालिक पुलिस फोर्स के साथ घर में घुसा। मकान का सामान बाहर फेक दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित