इटावा , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में ड्रेस कोड का पालन न करने पर कक्षा आठ के एक छात्र की पिटाई और उसका हाथ फ्रैक्चर होने का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली क्षेत्र स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज की बताई जा रही है। हालांकि, विद्यालय प्रशासन ने शिक्षक द्वारा मारपीट के आरोपों से इंकार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सनातन धर्म इंटर कॉलेज में पढ़ने वाला कक्षा आठ का छात्र निर्धारित स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर विद्यालय नहीं पहुंचा था। आरोप है कि इस पर एक शिक्षक ने अनुशासन के नाम पर छात्र के साथ मारपीट की, जिससे उसका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। घायल छात्र को उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कर हाथ पर पट्टी की गई।

पीड़ित छात्र नैतिक की मां रजरानी ने बताया कि बेटे के कपड़े गंदे होने के कारण वह उसे स्कूल नहीं भेजना चाहती थीं, लेकिन बाद में उसे बिना यूनिफॉर्म के ही विद्यालय भेज दिया गया। उनका आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शिक्षक ने बेटे की पिटाई कर दी, जिससे उसका हाथ टूट गया।

वहीं, सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजय शर्मा ने शिक्षक पर लगाए गए मारपीट के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसमें शिक्षक ने केवल बीच-बचाव किया था। उन्होंने कहा कि विद्यालय में किसी शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई नहीं की गई है। हालांकि, परिजनों की शिकायत को देखते हुए मामले की जांच कराई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित