इटावा , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले की चौबिया थाना पुलिस ने शादी समारोह में हर्ष फायरिंग कर किशोर को घायल करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और शस्त्र लाइसेंस भी बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि चौबिया थाना क्षेत्र के मूंज गांव में सात मई को एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में गौरव नामक किशोर गोली लगने से घायल हो गया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घायल के परिजनों की तहरीर पर चौबिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौबिया थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हर्ष फायरिंग की घटना में शामिल दो आरोपी रैपुरा भट्टा तिराहा पर ग्राम मूंज की ओर जाने वाले मार्ग पर खड़े हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान रमन कुमार पुत्र स्वर्गीय मान सिंह निवासी ग्राम मूंज थाना चौबिया जनपद इटावा तथा अंशुल पुत्र कमलेश निवासी कंचन पार्क थाना लोनी देहात जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल और मूल शस्त्र लाइसेंस बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि सात मई को शादी समारोह में उन्होंने हर्ष फायरिंग की थी, जिसमें गौरव कुमार के दाहिने हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित