इटावा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के जसवंतनगर क्षेत्र के कैस्त मुहाल में विवाह के एक वर्ष के भीतर ही एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ तहरीर दी है। क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने गुरुवार को बताया कि रामादेवी का शव घर के अंदर पंखे के कुंडे से काले रंग की स्टॉल के सहारे लटका मिला। सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। उपनिरीक्षक मनीष कुमार ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की शादी 18 फरवरी 2025 को हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी। मृतका के भाई सुखवीर ने आरोप लगाया कि दान-दहेज के साथ विवाह के बाद से ही पति शराब के नशे में मारपीट करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पूर्व मारपीट में रामादेवी का एक हाथ तक तोड़ दिया गया था। पंचायत के माध्यम से समझौता कर उसे पुनः ससुराल भेजा गया, लेकिन प्रताड़ना जारी रही।
मायके पक्ष का आरोप है कि पति और उसके परिजनों ने मिलकर हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहसीलदार नेहा सचान भी मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित