इटावा , सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के बस शहर इलाके में बरेली हाईवे पर रोडवेज की बेकाबू बस की टक्कर लगने से बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई ।

भाई अशोक कुमार जाटव की मौत घटनास्थल पर जबकि बहन माया देवी की मौत सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में उपचार के दौरान हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया है और रोडवेज की बस को अपनी हिरासत में ले लिया है। रोडवेज बस के चालक और परिचालक हादसे के बाद घटनास्थल से फरार हो गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि बसरेहर क्षेत्र के बसरेहर बाईपास पर सोमवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भरथना थाना क्षेत्र के नगला चंदेलन निवासी अशोक यादव (45) पुत्र तुलाराम अपनी बहन माया देवी (55) पत्नी आदिराम, निवासी अड्डा बिहारी, थाना बसरेहर को गांव छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान बसरेहर बाईपास पर बेवर की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में अशोक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि माया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सूचना पर पहुंची बसरेहर पुलिस ने घायल माया देवी को पुलिस वाहन से सीएचसी बसरेहर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें गंभीर हालत में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेज दिया गया जहां उपचार के दौरान माया देवी की मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित