इटावा , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिला मुख्यालय पर डीएम आवास के बाहर अटल पथ पर स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति उस समय क्षतिग्रस्त होने से बाल बाल बच गई जब एक रोडवेज बस के ब्रेक फेल हो गए और रोडवेज की बस अटल पथ की बाउंड्री से जा टकराई।
सैफई से इटावा आ रही रोडवेज की बस के ब्रेक फेल होने के कारण बस अटल पथ की बाउंड्री से जा टकराई है जिसके कारण अटल पथ की बाउंड्री पूरी तरह से टूट गई है और रोडवेज की बस का आगे का ऐसा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे के बाद स्थानीय थाना पुलिस और आसपास की बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
राहत की बात यह रही की पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की मूर्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है अटल बिहारी वाजपेई की मूर्ति पूरी तरह से सुरक्षित है। रोडवेज बस के चालक ताराचंद ने बताया कि वह सैफई डिपो की इस बस को लेकर के इटावा बस मुख्यालय आ रहा था, अचानक बस के ब्रेक फेल होने के बाद उसके सामने अटल पथ में टक्कर मारने के अलावा कोई दूसरा चारा नहीं था अगर बस को अटल पथ में टक्कर नहीं मारता तो दर्जनों लोग मौत के शिकार भी हो सकते थे।
बस की परिचालक सानिया ने बताया कि बस पूरी तरह से खाली थी बस में केवल चालक और वह अकेले इटावा मुख्यालय बस को जमा करने के लिए ला रहे थे लेकिन किसी बीच बस के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित