इटावा , दिसंबर 9 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई में दस साल पहले प्रेम विवाह करने वाले युवक ने किसी ओर से रिश्ते बन जाने के बाद अपनी बीबी की गला दबा कर हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चंद्र ने सोमवार शाम को बताया कि दस साल पहले प्रेमी प्रेमिका से पति-पत्नी बने पति पत्नी के बीच तीसरे की एंट्री से दरार आ गई है जिसके बाद पति ने अपनी बीवी की गला दबा करके हत्या कर दी है और फरार हो गया है।
पुलिस फरार हत्यारोपी पति की सरकार भी से तलाश करने में जुटी हुई है।
इटावा जिले में सैफई में किराए के मकान पर रह रहे औरैया के बृजराज ने पारिवारिक विवाद के बाद बीबी रंजीता गला दबाकर हत्या कर दी। जानकारी में आया है कि संगीता कुछ दिन पहले अपने नए प्रेमी के साथ दिल्ली चली गई थी, जिसके बाद से घर में तनाव लगातार बना हुआ था। हत्या की वारदात के समय दोनों बच्चे स्कूल गए थे। हत्या की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पति बीबी के शव को बेड पर ही छोड़ कर फरार हो गया। हत्या की इस वारदात का खुलासा दोनों बच्चों के घर पहुंचने पर हुआ।
हत्या की सूचना मिलने के बाद इटावा के पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीचंद्र,सीओ के.पी.सिंह और प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे की स्थिति व साक्ष्यों की जांच कराई।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि सैफई गांव के ओम यादव के मकान में सेनपुर थाना फफूंद, औरैया निवासी 35 साल के ब्रजराज यादव अपनी बीबी रंगीता और दो बेटे 10 साल में शिवम व 6 साल के कन्हैया के साथ किराए पर रह रहा था। ब्रजराज सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के पास निजी एंबुलेंस चलाता था। साल 2016 में ब्रजराज यादव और रंगीता के बीच प्रेम प्रसंग हुआ था और रंगीता ने बृजराज से प्रेम विवाह किया था। इस मामले में फफूंद थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद पुलिस दोनों को मथुरा से बरामद किया गया था । अदालत में दिए बयान के बाद रंगीता ने ब्रजराज के साथ रहने का निर्णय लिया था। उसके बाद से दोनों करीब दस वर्षों से साथ रह रहे थे।
पिछले दिनो दोनों के बीच तनाव तब बढ़ गया, जब सात नवंबर को रंगीता अपने नए प्रेमी शनी यादव के साथ दिल्ली चली गई। इसके बाद ब्रजराज ने सैफई थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने 4 दिसंबर को रंगीता को दिल्ली से बरामद किया और दंपती के बीच समझौता करा दिया, लेकिन घर का तनाव खत्म नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार हाल के दिनों में रंगीता ने घर में चूहा मार दवा रखी थी, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। पति को शक था कि वह दवा को चाय में मिलाकर उसे नुकसान पहुंचाने की तैयारी में है। यह तनाव लगातार गंभीर होता गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित