इटावा , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के भरथना क्षेत्र के पाली खुर्द गांव में शादी के आठ वर्ष बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका की पहचान रश्मि के रूप में हुई है, जिसकी शादी वर्ष 2018 में अनिल यादव के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि अनिल यादव शराब के नशे में अक्सर रश्मि के साथ मारपीट करता था। कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कथित उत्पीड़न का सिलसिला जारी रहा।

रश्मि की मौत के बाद उसकी बहन खुशबू और भाई ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतका की बहन ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि रश्मि के दो बच्चों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उनकी संपत्ति संबंधी अधिकारों की रक्षा की जाए।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित