इटावा , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के उसराहार थाना क्षेत्र में बरोना गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि ताखा-बरौना मार्ग पर नगला चतुर के सामने तेज रफ्तार दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों के चालक उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल सरसईनावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने संदीप (28) निवासी रमपुरा बरौना, थाना एरवाकटरा, जनपद औरैया और पवन (27) निवासी रतनपुर खास, थाना रसूलाबाद, जनपद कानपुर देहात को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में रवि, साधना (देवर-भाभी) सहित एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक संदीप अपनी भाभी साधना और चचेरे भाई रवि के साथ बहन के घर से लौट रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के समय दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी।

थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि हादसे में दोनों बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित