इटावा , मई 7 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के बढ़पुरा इलाके के कृष्णा नगर रेलवे पुल के पास दिल्ली से मध्य प्रदेश के भिंड जा रही बेकाबू बस से कुचल कर बाइक सवार दसवीं के दो छात्रों की जान चली गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने बताया कि दिल्ली से मध्य प्रदेश के भिंड जा रहे बेकाबू स्लीपर बस की जोरदार टक्कर लगने से बाइक सवार कक्षा 10 के दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई है, हादसे को अंजाम देने वाली बस को पुलिस में अपनी गिरफ्त में ले लिया है बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई स्थानीय थाना पुलिस कर रही है।

इटावा के पुरारेवाड़ी निवासी प्रिंस (15) पुत्र राजेंद्र पाल और पछायगांव निवासी उसका दोस्त अर्पित पुत्र नरेश जाटव (15) शकुंतलम स्कूल में कक्षा 10 के छात्र थे। परिजनों के मुताबिक, प्रिंस का दाखिला दिल्ली के एक स्कूल में कराया गया था और उसे 20 तारीख को दिल्ली जाना था। वह अपने दोस्त के साथ स्कूल से टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) लेने निकला था, तभी रेलवे पुल के पास काल बनकर आई बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवा दिया। सूचना पर सीओ आयुषी सिंह और उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बस को पकड़ लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित