इटावा , अक्टूबर 25 -- उत्तर प्रदेश के इटावा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइन क्षेत्र की टीबी अस्पताल कॉलोनी में बंद कमरे के अंदर रखे बक्से से 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड का सड़ा हुआ शव बरामद हुआ है। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर मामले का खुलासा हुआ। मृतक की पहचान श्याम सुंदर कठेरिया के रूप में हुई है, जो चाणक्य होटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। घटना के बाद से उनके साथ रहने वाली 18 वर्षीय बेटी लापता है। पुलिस हत्या समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इटावा की एसपी सिटी श्रीमती बबीता सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आज यह जानकारी दी।श्रीमती सिंह ने बताया कि टीबी अस्पताल कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 14 में बंद कमरे से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो बक्से में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मृतक के साथ रहने वाली उनकी बेटी का भी पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस लापता बेटी की तलाश करने के साथ ही हत्या की आशंका सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही इस सनसनीखेज मामले की असलियत सामने आ सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन क्षेत्र की टीबी अस्पताल कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 14 में श्याम सुंदर अपनी बेटी के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि उनका कमरा करीब चार दिन से बंद था। शनिवार को कमरे से दुर्गंध आने लगी, लेकिन शुरुआत में लोगों ने इसे किसी चूहे के मरने की वजह समझा। रविवार को दुर्गंध तेज होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो अंदर रखे बक्से में श्याम सुंदर का शव मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था।
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
मृतक की बड़ी बेटी काजल ने बताया कि उसके पिता चाणक्य होटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। करीब पांच दिन पहले सुबह उनकी पिता से फोन पर आखिरी बार बात हुई थी। उस दौरान उन्होंने हालचाल पूछने के साथ घूमने आने के लिए भी कहा था। काजल के मुताबिक, शुक्रवार को उसने कई बार पिता को फोन किया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। रविवार को भी फोन बंद मिलने के बाद उसे पिता की मौत की जानकारी हुई।
परिजनों के मुताबिक, मृतक की पत्नी शशि देवी दूसरी शादी के बाद करीब दस साल से उनसे अलग रह रही हैं। श्याम सुंदर की तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी काजल और दूसरी बेटी पूजा अलग रहती हैं, जबकि तीसरी बेटी खुशी अपनी मां के साथ रहती है। मृतक के साथ रह रही 18 वर्षीय बेटी का फिलहाल कोई पता नहीं चल सका है।
स्थानीय स्तर पर बेटी की भूमिका और उसके किसी करीबी के साथ होने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने अभी किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन टीमें जांच में जुटाई गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित