इटावा , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना क्षेत्र में प्रेमी द्वारा धोखा दिए जाने से आहत एक युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आर.डी. मौर्य ने शुक्रवार को बताया कि प्रिया राठौर नामक युवती ने जहर खा लिया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में युवती के पिता अरविंद की तहरीर पर भरथना थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। परिजनों के अनुसार प्रिया का पड़ोसी युवक शिवम से प्रेम संबंध था और दोनों शादी करना चाहते थे। कुछ समय पहले दोनों के बीच विवाद के बाद मामला थाने तक पहुंचा था, लेकिन बाद में समझौता हो गया था। आरोप है कि इसके बाद युवक ने शादी से इंकार कर दिया और पांच लाख रुपये की मांग करने लगा, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
उन्होने बताया कि बुधवार को प्रिया ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित