इटावा , मार्च 17 -- इटावा में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड की नई व्यवस्था के तहत अब बिजली उपभोक्ताओं को मोबाइल फोन की तरह प्रीपेड मीटर से बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के इटावा स्थित अधिशासी अभियंता हनुमान प्रसाद मिश्रा ने बताया कि शहर में जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से प्रीपेड मीटर में बदला जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को मोबाइल फोन की तरह अपने बिजली मीटर को रिचार्ज करना होगा।
उन्होंने बताया कि रिचार्ज खत्म होते ही बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी और रिचार्ज कराने पर बिजली फिर से चालू हो जाएगी। इस व्यवस्था से बिजली विभाग को अब तक लगभग 17 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है। इसके लागू होने से बकाया बिल की समस्या भी समाप्त हो जाएगी, क्योंकि रिचार्ज न होने पर स्वतः बिजली कट जाएगी और विभाग को बकायेदार उपभोक्ताओं के यहां अलग से बिजली काटने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पावर कॉरपोरेशन ने इटावा में लगाए गए करीब 16 हजार पोस्टपेड स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड में बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें से लगभग 10 हजार स्मार्ट मीटर प्रीपेड में परिवर्तित किए जा चुके हैं और शेष मीटरों को भी जल्द ही प्रीपेड प्रणाली में बदला जाएगा।
श्री मिश्रा ने बताया कि उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर अपने स्मार्ट मीटर की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस ऐप के माध्यम से उपभोक्ता यह देख सकेंगे कि कितनी बिजली खर्च हुई है, मीटर में कितना बैलेंस है और अग्रिम भुगतान भी इसी माध्यम से कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि कुछ उपभोक्ताओं को इसलिए समस्या आ रही है क्योंकि उनके मीटर के साथ पुराने मोबाइल नंबर दर्ज हैं, जो अब उपयोग में नहीं हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराना चाहिए ताकि बिजली खपत और बैलेंस से जुड़ी सभी सूचनाएं उनके मोबाइल पर समय-समय पर मिलती रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित