इटावा , अप्रैल 06 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो सगे भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दोनों लुटेरे भाइयों को गोली लगने से घायल हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि बकेवर और लवेदी थाना पुलिस व एसओजी टीम ने लखना नहर पुल के पास घेराबंदी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि 28 मार्च को चेन लूट की घटना में शामिल आरोपी किसी वारदात की फिराक में हैं। पुलिस के रोकने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान कानपुर निवासी सगे भाई विश्वास शुक्ला और राघवेंद्र शुक्ला घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी महेवा में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके से रेकी करने वाले सूरज राजावत और लूट का सोना खरीदने वाले सराफा कारोबारी शंकर सोनी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बिना नंबर की बाइक, दो तमंचे, कारतूस, पिघला हुआ सोना और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने 28 मार्च को महिला से चेन लूट की वारदात स्वीकार की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित