इटावा , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में भरथना रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को तेजस एक्सप्रेस की चपेट में आने से कक्षा नौ की छात्रा की मृत्यु हो गई। रेलवे पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतका स्कूल ड्रेस में थी। हादसे की सूचना पर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लिया। प्रारंभ में पहचान नहीं हो सकी, बाद में छात्रा के पास मिले स्कूल पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त संध्या के रूप में हुई।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। मृतका के चाचा सतीश ने बताया कि परिवार के बड़े सदस्य सुबह मजदूरी के लिए घर से बाहर गए थे। दोपहर में पुलिस से हादसे की जानकारी मिली। भरथना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रा रेलवे ट्रैक पार कर रही थी अथवा किसी अन्य कारण से ट्रेन की चपेट में आई, इसकी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित