इटावा , मई 27 -- इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में डेयरी संचालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। परिजनों के सड़क पर शव रखकर हंगामा करने से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार नगला बर निवासी रंजीत राजपूत (30) का शव मंगलवार दोपहर ग्राम मानिकपुर के जंगल में शीशम के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला था। मृतक की पत्नी पूजा देवी और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि भूमि विवाद के चलते रंजीत की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटका दिया गया।

परिजनों का कहना था कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इससे नाराज परिवार और ग्रामीण बुधवार सुबह शव लेकर डीएम आवास की ओर रवाना हुए। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें सिविल लाइंस क्षेत्र में रोक लिया, जिसके बाद परिजनों ने इटावा-मैनपुरी मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम विक्रम राघव, सीओ सिटी अभय नारायण राय और भारी पुलिस बल ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान महिलाओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

बाद में मृतक की पत्नी की तहरीर पर गांव के चार नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त किया गया। पुलिस के अनुसार रंजीत के शव के घुटने जमीन से लगे हुए थे तथा गर्दन और पैरों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या के बाद शव लटकाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित