इटावा , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में लापता डेयरी संचालक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार इकदिल थाना क्षेत्र के नगला बर गांव निवासी रंजीत (30) सोमवार दोपहर करीब एक बजे मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। दोपहर करीब ढाई बजे परिजनों की उनसे फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने मानिकपुर मोहन चौकी पुलिस को सूचना दी थी।
मंगलवार दोपहर मानिकपुर क्षेत्र के जंगल में गौशाला से करीब 500 मीटर दूर एक टीले पर स्थित शीशम के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे युवक का शव लटका मिला। राहगीरों की सूचना पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रंजीत के रूप में की गई।
मृतक की पत्नी पूजा ने आरोप लगाया कि गांव में प्लॉट को लेकर कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था और पूर्व में धमकियां भी मिली थीं। उन्होंने कहा कि पति के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का आरोप है कि सोमवार रात गौशाला के पास मृतक की मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली थी, जिसे पुलिस चौकी ले गई, लेकिन युवक की तलाश के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए।
परिजनों ने शव की स्थिति को लेकर भी संदेह जताया है। उनका कहना है कि शव के घुटने जमीन से सटे हुए थे, गर्दन पर दोहरे निशान थे और पैरों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय, थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों समेत सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित