इटावा , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के कोतवाली क्षेत्र के तकिया ट्रांसपोर्ट मुहाल में कैंटीन पर चार राउंड गोलियां चलाए जाने से हड़कंप मच गया। कैंटीन संचालक ने गैंगस्टर शिवम तिवारी और उसके भाई पर फायरिंग करने तथा कैंटीन खाली करने के लिए धमकाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित कैंटीन संचालक जाहिद की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर बाप-बेटे की हत्या करने की धमकी भी दी। जाहिद के पुत्र इलियास ने बताया कि उनका परिवार करीब 40 वर्षों से कैंटीन संचालित कर रहा है। आरोप है कि कुछ समय से शिवम तिवारी और उसके परिवार के लोग कैंटीन खाली करने के लिए लगातार धमका रहे हैं। इसी क्रम में कैंटीन पर फायरिंग की गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसपी सिटी बबीता सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं। कैंटीन की सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित