इटावा , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के विजयनगर में गुरुवार सुबह एक बेकाबू कार ने तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे एक लोहे के कारोबारी की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना सुबह करीब पौने सात बजे हुई, जब तेज रफ्तार सफारी कार ने सड़क किनारे जा रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में घायल लोहे के दुकानदार गुलाब सिंह की उपचार के दौरान सैफई स्थित पीजीआई में मृत्यु हो गई, जबकि वीरू और 15 वर्षीय निखिल का इलाज जारी है।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद कार एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई। कार से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिससे चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार कार चालक आदित्य कुमार शर्मा भरथना चौराहे से विजयनगर चौराहे की ओर जा रहा था, तभी सनशाइन ड्राईक्लीनर के पास यह हादसा हुआ। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित