इटावा , मई 18 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में "ऑपरेशन दहन" अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त किए गए करीब 5774 किलोग्राम मादक पदार्थों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नष्ट किया गया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस लाइन से संकलित मादक पदार्थों को नियमानुसार निस्तारित किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई, ताकि कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।
उन्होंने बताया कि शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एक मार्च 2026 से "ऑपरेशन दहन" अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जनपद के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामलों में बरामद मादक पदार्थों को चिन्हित कर उनके विधिक निस्तारण की कार्रवाई की गई।
एसएसपी ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 206 अभियोगों से संबंधित लगभग 5774.822 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया। इनमें 306.842 किलोग्राम अवैध गांजा, 32.399 किलोग्राम चरस, 0.194 किलोग्राम अफीम, 0.477 किलोग्राम स्मैक एवं हेरोइन, 5415.8 किलोग्राम अवैध डोडा तथा 19.111 किलोग्राम अन्य मादक पदार्थ शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह समस्त कार्रवाई भारत सरकार द्वारा जारी नारकोटिक ड्रग्स एवं साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (जब्ती, भंडारण, नमूनाकरण एवं निस्तारण) नियमावली-2022 के अंतर्गत की गई है।
मादक पदार्थों का निस्तारण कानपुर देहात स्थित अधिकृत इंसीनेरेटर प्लांट में जिला स्तरीय समिति की उपस्थिति में कराया गया। इस दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया।
एसएसपी ने कहा कि इटावा पुलिस भविष्य में भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित