इटावा , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के सिविल लाइन क्षेत्र में शुक्रवार को एआरटीओ कार्यालय के बाहर दबंगों द्वारा मारपीट कर एक ऑल्टो कार छीनकर आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी के.के. मिश्रा ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट के बाद आरोपियों ने कार में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पीड़ित रमन के अनुसार वह किसी कार्य से एआरटीओ कार्यालय गया था, जहां रवि दुबे नामक संविदाकर्मी और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। इसकी सूचना उसने अपने परिचित राहुल को दी, जो अपनी ऑल्टो कार से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बाद में जिला अस्पताल के पास 10-12 लोगों ने दोनों को फिर से घेर लिया, मारपीट की और कार छीनकर ले गए। जब तक वे थाने पहुंचे, तब तक आरोपियों ने कार में आग लगा दी थी।
एफएसओ सुभाष चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही एक फायर टेंडर मौके पर भेजा गया और आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित