इटावा , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में अदालती आदेश के अनुपालन में थाना बसरेहर परिसर में करीब 40 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब नष्ट की गई। यह कार्रवाई तीन मुकदमों से संबंधित बरामद शराब के विनष्टीकरण के तहत की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि न्यायालय के आदेश पर कुल 14,132 लीटर अवैध एवं देशी शराब को जेसीबी मशीन के माध्यम से नष्ट कराया गया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र के पर्यवेक्षण में थाना बसरेहर पुलिस, अभियोजन विभाग तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

विनष्टीकरण की प्रक्रिया उपजिलाधिकारी (न्यायिक) सैफई/जसवंतनगर रोहित कुमार एवं सहायक अभियोजन अधिकारी अजेय यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। नियमानुसार शराब के नमूने सुरक्षित रखे गए, जबकि शेष शराब को नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।

पुलिस के अनुसार नष्ट की गई शराब थाना बसरेहर में दर्ज तीन अभियोगों में बरामद की गई थी। इटावा पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित