इटावा , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में जहर खाकर आत्महत्या करने वाली एक महिला को बचाने के प्रयास में एक अजनबी युवक ने मानवता का परिचय दिया, लेकिन उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के दतावली के पास की है, जहां एक महिला जहर खाकर सड़क किनारे पड़ी मिली। उसी समय वहां से गुजर रहे इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक प्रिंस कुमार ने बिना पहचान के ही मानवता दिखाते हुए महिला और उसके मासूम बेटे को तत्काल डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। प्रिंस ने बच्चे के माध्यम से महिला के परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचना दी और उनके आने तक अस्पताल में महिला के पास ही मौजूद रहा।
डॉक्टर श्याम मोहन के अनुसार महिला को लावारिस हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां उपचार के बावजूद उसकी मौत हो गई। बाद में उसकी पहचान मैनपुरी जिले के किशनी क्षेत्र निवासी सोनम के रूप में हुई। सूचना मिलने पर महिला के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पति भूरे ने बताया कि उनकी पत्नी किसी रिश्तेदार के यहां कानपुर देहात के सिकंदरा जाना चाहती थी और घर से निकल गई थी, हालांकि उन्होंने किसी विवाद से इंकार किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय ने बताया कि महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित