इटावा , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में बख्तियारपुरा टोल प्लाजा पर शुरू की गई वसूली के विरोध में समाजवादी पार्टी के सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। सांसद ने पत्र में टोल वसूली को नियमों के विरुद्ध बताते हुए इसे तत्काल बंद कराने का अनुरोध किया है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रावधानों के अनुसार 60 किलोमीटर की दूरी के भीतर दूसरा टोल प्लाजा स्थापित नहीं किया जा सकता, जबकि बख्तियारपुरा टोल प्लाजा से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर बरही (मध्य प्रदेश) में पहले से टोल संचालित है। ऐसे में कम दूरी पर नया टोल शुरू किया जाना नियमों का उल्लंघन है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित मार्ग पर दतावली नहर पुल और लोहिया नहर पुल सहित कई स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा है। अधूरे मार्ग पर टोल वसूली शुरू करना एनएचएआई के मानकों के विपरीत है और इससे आम जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

सांसद ने केंद्रीय मंत्री से जनहित में बख्तियारपुरा टोल प्लाजा की वसूली तत्काल प्रभाव से रोकने तथा पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि नियमों की अनदेखी कर टोल वसूली किया जाना जनता के साथ अन्याय है और इस पर शीघ्र कार्रवाई अपेक्षित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित